देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजधानी देहरादून में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी सक्षम सेवाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने डिजिटल उत्तराखंड एप का उद्घाटन किया और S3Waas प्लेटफॉर्म आधारित 66 नई सरकारी वेबसाइट्स लॉन्च कीं।

कार्यक्रम में नगरीय कूड़ा उठाने वाले वाहनों की जीआईएस आधारित रियल टाइम ट्रैकिंग वेब एप, अतिक्रमण निगरानी हेतु वेब बेस्ड एप्लीकेशन और 1905 सीएम हेल्पलाइन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नवाचार की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये पहल राज्य में ई-गवर्नेंस को नई दिशा देंगी और जनता को पारदर्शी व त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने बताया कि डिजिटल उत्तराखंड एप के माध्यम से विभिन्न सरकारी सेवाओं और सूचनाओं को एक ही मंच पर लाकर नागरिकों की सुविधा बढ़ाई जाएगी। वहीं, नई वेबसाइट्स और मॉनिटरिंग एप्लीकेशंस से सरकारी कामकाज में दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।