देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चार साल के कार्यकाल पर सरकार ने बड़ा दावा किया है। राज्य सरकार का कहना है कि अब तक 25 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में चयनित कर नौकरी दी जा चुकी है। सरकार के मुताबिक, युवाओं को सबसे ज्यादा लाभ सरकारी भर्ती अभियानों से मिला है।
कांग्रेस का पलटवार
हालांकि, इस दावे पर विपक्ष हमलावर हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सरकार को घेरते हुए कहा— “अगर वास्तव में 25 हजार नौकरियां दी गई हैं तो सरकार को इसका श्वेतपत्र जारी करना चाहिए। सच यही है कि मुख्यमंत्री खुद नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं, जबकि पहले विभागाध्यक्ष यह जिम्मेदारी निभाते थे। यह सिर्फ दिखावे की राजनीति है।”
राजनीतिक माहौल गरमाया
मुख्यमंत्री धामी के नौकरी संबंधी दावे और कांग्रेस के हमले के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सरकार अपने दावे को दस्तावेजों के साथ पेश करेगी या कांग्रेस का हमला और तेज होगा।