क्लेमेंटटाउन में महिला की हत्या का खुलासा, पति गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस और खून लगी शर्ट बरामद

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून। क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में 21 सितंबर को हुई महिला काजल की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतका के पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी के साथ पिछले करीब एक साल से चल रहे विवाद और उसके तलाक की तैयारी किए जाने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने हत्या की योजना बनाई थी।

 

21 सितंबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि धीरज की अपनी पत्नी काजल से हाथापाई हुई है और गोली लगने से उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। यहां काजल बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली। उसके सिर और पेट पर गोली के निशान थे। घटना के बाद धीरज अपना मोबाइल बंद कर मौके से फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

 

एसएसपी के निर्देश पर थाना क्लेमेंटटाउन और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था और घटना के बाद उसने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया था। पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से 23 सितंबर को धीरज पंवार उर्फ लल्लू को क्लेमेंटटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

 

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब 12 साल पहले काजल से हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं। शादी के बाद से वह पत्नी और बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित पत्नी के मायके में रह रहा था। पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, पिछले तीन माह से काजल उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी। करीब एक माह पहले उसे पत्नी द्वारा तलाक की तैयारी किए जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने हत्या की योजना बनाई।

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा था। घटना से एक रात पहले वह सहारनपुर से देहरादून पहुंचा और घटनास्थल के पास एक निर्माणाधीन भवन में छिपकर मौका तलाशता रहा। सुबह उसने घर में लगे टीन के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बिस्तर पर सो रही पत्नी पर दो फायर किए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

 

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून लगी शर्ट बरामद की है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *