उत्तर प्रदेश: अयोध्या के पगला भारी गांव में भीषण धमाका हुआ, जिसमें छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि पूरा बहुमंजिला मकान मलबे में तब्दील हो गया।

ये धमाका अयोध्या के पगला भारी गांव में गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ। धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया औ रआस-पास के घरों की दीवारों में भी दरारें भी आ गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। NDRF, SDRF और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। राहत-बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, धमाका उस वक्त हुआ जब मकान मालिक रामकुमार, उसका बेटा, बेटी और अन्य तीन लोग घर के अंदर मौजूद थे। धमाके के तुरंत बाद घर ढह गया, जिससे सभी लोग मलबे में दब गए। बचावकर्मियों ने सभी को बाहर निकाला, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अचानक दूसरा धमाका भी हुआ, जिससे मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। इस दौरान एक JCB चालक बाल-बाल बचा, जबकि वहां मौजूद लेखपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर ली है। शुरुआती जांच में सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि कुछ सूत्रों का कहना है कि धमाका पटाखों के कारण भी हो सकता है। फिलहाल जांच जारी है और मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को त्वरित राहत व बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और उच्च स्तरीय जांच बैठक बुलाई है।