एंजेल चकमा केस में बड़ी कार्रवाई की तैयारी, मुख्य आरोपी पकड़ के करीब

देहरादून। एंजेल चकमा हत्याकांड का मुख्य आरोपी राज यज्ञ अवस्थी बीते 15 दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दून पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, वहीं नेपाल पुलिस भी उसके संभावित ठिकानों की तलाशी ले रही है। दोनों देशों की पुलिस आपस में समन्वय बनाकर काम कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी राज यज्ञ अवस्थी अब पुलिस के बेहद करीब है और संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार रात तक वह पुलिस के हत्थे चढ़ सकता है। आरोपी की लोकेशन बॉर्डर क्षेत्र के आसपास मानी जा रही है, जिस पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि नौ दिसंबर को सेलाकुई में हुई घटना में एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान 26 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पहले 14 दिसंबर को छह आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की थी। एंजेल चकमा की मौत के बाद केस को हत्या की धारा में तरमीम किया गया।

अब तक पुलिस इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी राज यज्ञ अवस्थी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जानकारी के मुताबिक नेपाल पुलिस ने भी आरोपी के घर सहित कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। ऐसे में पुलिस का मानना है कि आरोपी बॉर्डर इलाके में ही छिपा हुआ है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *