अमित शाह के दौरे को लेकर स्वर्गाश्रम छावनी में तब्दील, आज होंगे शामिल

ऋषिकेश | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आज ऋषिकेश आगमन को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। स्वर्गाश्रम क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गीताभवन में होगा मुख्य कार्यक्रम

स्वर्गाश्रम जौंक स्थित गीताभवन (नंबर सात) में गीताप्रेस गोरखपुर की सुप्रसिद्ध ‘कल्याण’ पत्रिका के शताब्दी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

पुलिस ने की सुरक्षा ब्रीफिंग

मंगलवार को पुलिस प्रशासन की ओर से गीताभवन नंबर सात में सुरक्षा को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान सभी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी से तैनात रहें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।

अतिक्रमण हटाया, मार्ग किए गए साफ

नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक की ओर से स्वर्गाश्रम गंगा चौक से लक्ष्मीनारायण घाट, भारत साधु समाज, परमार्थ निकेतन, वानप्रस्थ और वेद निकेतन के आसपास आंतरिक मार्गों पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया।
सुरक्षा कारणों से राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में स्थित चौरासी कुटिया के द्वार मंगलवार को पर्यटकों के लिए बंद रखे गए, जो बुधवार को भी बंद रहेंगे।

हेलिपैड पर चला हवाई ट्रायल

सुरक्षा की दृष्टि से वेद निकेतन हेलिपैड और आसपास के गंगा तट पर लोहे के एंगल और गेट लगाए गए। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तक हेलिपैड पर हवाई ट्रायल चलते रहे।

कार्यक्रम की जानकारी

गृह मंत्री अमित शाह बुधवार 21 जनवरी को शाम करीब तीन बजे वेद निकेतन हेलिपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे गीताभवन नंबर सात में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। लगभग दो घंटे कार्यक्रम स्थल पर रुकने के बाद वे बैराज रोड होते हुए हरिद्वार में आयोजित अन्य कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।

भारी सुरक्षा बल तैनात

केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा में 03 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, 05 पुलिस अधीक्षक,05 अपर पुलिस अधीक्षक,07 पुलिस उपाधीक्षक,21 निरीक्षक/थानाध्यक्ष,04 टीआई व टीएसआई,60 उपनिरीक्षक, 06 महिला उपनिरीक्षक,170 मुख्य आरक्षी/आरक्षी,02 प्लाटून पीएसी,01 एसडीआरएफ टीम,01 एटीएस टीम,01 बम निरोधक दस्ता तैनात किया गया है।

आईजी गढ़वाल का बयान

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बताया, “केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए स्वर्गाश्रम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों की नजर रहेगी।”
प्रशासन का दावा है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *