उत्तराखंड में दो दिन बाद मौसम बिगड़ने की संभावना, बारिश – बर्फबारी की आशंका

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम को लेकर आगाह किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने भविष्यवाणी की है कि प्रदेश में दो दिन बाद मौसम में बदलाव आएगा और कई क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 13 और 14 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि मैदानी जिलों देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के साथ नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में घना कोहरा रहने के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस सीजन बारिश और बर्फबारी न होने के कारण सूखी ठंड मैदान और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों में महसूस की जा रही है। मौसम बिगड़ने की संभावना के चलते 16 से 19 जनवरी के बीच उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3400 मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

सूखी ठंड का सबसे ज्यादा असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने और कोहरे के चलते वाहन चलाते समय सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *