अनिरुद्धाचार्य के बयान पर मचा बवाल, महिलाओं को लेकर टिप्पणी से भड़की जनता,लोगों ने उठाई गिरफ्तारी की मांग

मथुरा: प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके एक वीडियो ने देशभर में आक्रोश पैदा कर दिया है। वीडियो में वे यह कहते नजर आते हैं—“25 साल की लड़की चार जगह मुंह मार चुकी होती है और जवानी में फिसल चुकी होती है।” इस बयान को लेकर न सिर्फ राजनीतिक दल, बल्कि महिला आयोग, सामाजिक संगठनों और आम जनता तक ने तीखा विरोध जताया है।

 

बयान के वायरल होते ही सबसे पहले प्रतिक्रिया समाजवादी पार्टी की ओर से आई। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद राजीव राय ने इस टिप्पणी को महिला समाज के प्रति घृणित मानसिकता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि अनिरुद्धाचार्य जैसे कथावाचक अपने प्रवचनों में मर्यादा और नैतिकता की बात करते हैं, लेकिन स्वयं महिलाओं के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने महिला आयोग और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी ट्वीट कर नाराज़गी जताई। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक करार देते हुए कहा कि ऐसे वक्तव्यों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने अनिरुद्धाचार्य पर सार्वजनिक मंच से प्रवचन देने पर रोक की मांग करते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ एक महिला विरोधी बयान का नहीं, बल्कि पूरे समाज को गलत दिशा में मोड़ने की कोशिश है।

 

बॉलीवुड से भी विरोध की आवाजें सामने आईं। अभिनेता कमाल राशिद खान (KRK) ने तंज कसते हुए लिखा, “योगी जी सही जा रहे हैं, एक बस कंडक्टर से और क्या उम्मीद कर सकते हैं?” उनका यह ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी। अभिनेत्री स्वरा भास्कर और सपना चौधरी ने भी इस बयान की निंदा करते हुए कहा कि संत समाज को अपनी सीमाएं समझनी चाहिए।

 

देशभर में महिलाओं से जुड़े संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। ‘गुलाबी गैंग’ की नेता संपत पाल ने ऐलान किया है कि वे मथुरा में अनिरुद्धाचार्य की कथाओं का बहिष्कार करेंगी और विरोध मार्च निकालेंगी। कई जगह उनके पुतले भी जलाए गए हैं।

 

उधर, मामले ने जब तूल पकड़ा, तो पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। अनिरुद्धाचार्य महाराज के खिलाफ IPC की धारा 294 (अश्लीलता), 509 (महिला का अपमान) और IT एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी उन्हें नोटिस भेजते हुए जवाब माँगा है।

 

बढ़ते विवाद के बीच अनिरुद्धाचार्य ने सफाई देते हुए कहा है कि यह वीडियो शायद AI के ज़रिए बनाया गया है और अगर उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुँची हो तो वह क्षमा प्रार्थी हैं। हालांकि, उनकी यह सफाई लोगों को संतुष्ट नहीं कर पाई और विरोध लगातार तेज होता जा रहा है।

 

यह पहला मौका नहीं है जब अनिरुद्धाचार्य महाराज इस तरह के विवादित बयानों को लेकर चर्चा में आए हों। इससे पहले भी जयपुर में एक कथा के दौरान उन्होंने लड़कियों के फिल्मों में जाने को अपराध बताया था और कहा था कि “जो लड़की फिल्में देखने जाती है, उसके 35 टुकड़े हो जाते हैं।” वहीं, कोलकाता में एक बलात्कार केस पर बोलते हुए उन्होंने कहा था कि “कपड़ों का भी दोष होता है।” उनके इन बयानों की पहले भी काफी आलोचना हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *