रेंजर्स ग्राउंड स्थित दरगाह में तोड़फोड़, खादिम को बंधक बनाकर मारपीट का आरोप, बजरंग दल के दो कार्यकर्ता नामजद

देहरादून: डालनवाला क्षेत्र स्थित रेंजर्स ग्राउंड में दरगाह बाबा जमात शाह में घुसकर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि दरगाह के खादिम को बंधक बनाकर मारपीट की गई। शिकायत पर पुलिस ने बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं को नामजद करते हुए 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

 

पुलिस के अनुसार इस मामले में दरगाह के खादिम मकसूद अहमद ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दरगाह बाबा जमात शाह में बजरंग दल के अमन स्वेडिया, सिद्धार्थ अपने 20-25 साथियों के साथ हथौड़े, लाठी डंडों के साथ जबरन दरगाह परिसर में घुस आए और तोड़फोड़ की।

 

आरोप है कि सभी ने मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान बुजुर्ग खादिम को भी बंधक बनाकर मारपीट की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जानबूझकर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया।

 

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित अमन स्वेडिया, सिद्धार्थ बड़ोनी को नामजद करते हुए 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *