कुंभ की तैयारियों में नहीं आएगी श्रमिकों की कमी, गढ़वाल मंडलायुक्त ने दिए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश

हरिद्वार: जनपद हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। त्योहारी सीजन में श्रमिकों के अपने घर जाने से काम की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की वैकल्पिक व्यवस्था पहले से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि मजदूरों की कमी के कारण सड़कों, पुलों और घाटों समेत अन्य निर्माण कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए।

 

शुक्रवार शाम मेला नियंत्रण भवन के सीसीआर सभागार में गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और नए प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा की गई।

 

बैठक में मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि वे श्रमिकों की उपलब्धता का पहले से आकलन कर लें और जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त मजदूरों की तैनाती करें। साथ ही मशीनरी और निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए ताकि काम के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

 

दिन-रात चलेंगे निर्माण कार्य

कुंभ मेले के निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए जरूरत पड़ने पर दिन और रात की शिफ्ट में काम कराने पर जोर दिया गया है। मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं।

 

बैठक में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, पेयजल निगम, विद्युत विभाग सहित कुंभ मेला से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *