हरिद्वार में भीषण ओलावृष्टि से गाड़ियों के शीशे टूटे, रामनगर में सड़क पर गिरा विशाल पेड़

हरिद्वार। उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। हरिद्वार के रोशनाबाद और रावली क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसमान से बड़े-बड़े ओले गिरने के कारण कई वाहनों के शीशे टूटने की सूचना है। वहीं, रामनगर में बारिश के दौरान कानिया चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक के पास एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से स्कूटी और फल का ठेला क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

 

हरिद्वार में अचानक हुई ओलावृष्टि ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। सड़क पर मौजूद लोग ओलों से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। रोशनाबाद और रावली में ओलावृष्टि का असर अधिक देखने को मिला। बड़े आकार के ओले गिरने से वाहनों को नुकसान पहुंचा और कई गाड़ियों के शीशे टूट गए।

 

ओलावृष्टि के दौरान लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में आसमान से बड़े-बड़े ओले गिरते दिखाई दे रहे हैं। अचानक बदले मौसम के कारण बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में भी गिरावट महसूस की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज बारिश के चलते सड़क पर आवाजाही करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

रामनगर में पेड़ गिरने से मची अफरा-तफरी

 

उधर, रामनगर में बारिश के बीच कानिया चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक के पास एक विशाल पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गया। पेड़ का भारी तना बैंक के बाहर खड़ी स्कूटी पर गिरा, जबकि पास में लगा फल का ठेला भी इसकी चपेट में आ गया।

 

पेड़ गिरते देख फल ठेला संचालक ने तुरंत मौके से भागकर अपनी जान बचाई। यदि वह समय रहते वहां से नहीं हटता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 

सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और सड़क से पेड़ को हटाया। इसके बाद यातायात को सुचारु करने की कार्रवाई की गई। अचानक बदले मौसम के चलते हरिद्वार और रामनगर में हुई इन घटनाओं ने लोगों को सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *