विकासनगर: विकासनगर के बरोटीवाला में जमनीपुर रोड स्थित ग्रेट वैल्यू स्कूल परिसर के एक घर में तड़के बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर नकदी और करीब 90 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ग्रेट वैल्यू स्कूल परिसर में मौजूद घर में गोपाल सिंह राठौर अपनी पत्नी नीलम राठौर और बेटे के साथ रहते हैं। नीलम राठौर के अनुसार, तड़के करीब 3:15 बजे दो लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घर के अंदर घुसे। आहट होने पर जब उन्होंने बदमाशों से पूछा कि वे कौन हैं, तो आरोप है कि दोनों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी।
नीलम राठौर के मुताबिक, बदमाशों ने उनसे स्कूल के प्रिंसिपल के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल विकासनगर में रहते हैं और वह परिवार के साथ स्कूल की देखभाल के लिए यहां रहती हैं। आरोप है कि इस पर बदमाशों ने कहा कि उन्हें प्रिंसिपल को मारने की सुपारी मिली है। साथ ही धमकी दी कि यदि उन्होंने शोर मचाया तो उन्हें भी मार दिया जाएगा।
अलमारी खंगालकर नकदी और जेवर ले गए
नीलम राठौर का आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारियां खोलीं और उसमें रखी नकदी तथा करीब 90 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने परिवार के तीनों सदस्यों के हाथ बांध दिए और दरवाजा बंद कर दिया।
इसके बाद नीलम राठौर ने किसी तरह कमरे की खिड़की खोली और पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर गेट खोला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम करीब 4:20 बजे मौके पर पहुंची।
तीन बदमाशों के आने की बात
नीलम राठौर ने पुलिस को बताया कि कुल तीन बदमाश घर में आए थे। इनमें से दो कमरे के अंदर घुसे थे, जबकि एक बाहर खड़ा था। उनके अनुसार, एक बदमाश के हाथ में मोटा डंडा था, जबकि दूसरे के पास लोहे की रॉड थी, जिससे उनके पति के साथ मारपीट की गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सीओ विकासनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।