26 अक्टूबर से पहले होगा विधानसभा का मानसून सत्र, सितंबर अंत या अक्टूबर के पहले सप्ताह में आयोजन की संभावना

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को 26 अक्टूबर से पहले आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके चलते सरकार के स्तर पर सत्र की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर चर्चा हुई, जिसमें 26 अक्टूबर से पहले सत्र आयोजित करने पर सहमति बनी है। हालांकि, सत्र की अंतिम तिथि और स्थान का निर्धारण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को करना है। सभी की सहमति के बाद सत्र की तिथि और स्थान तय किया जाएगा।

 

संभावना जताई जा रही है कि विधानसभा का मानसून सत्र सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के पहले सप्ताह में आयोजित हो सकता है। हालांकि, अभी सत्र की तिथि और स्थान को लेकर आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। इस सत्र में अनुपूरक बजट पेश करने की भी तैयारी की जा रही है। इसके लिए वित्त विभाग ने सभी विभागों से 18 सितंबर तक बजट प्रस्ताव मांगे हैं।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले होना है और इसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जल्द ही सत्र के लिए स्थान का चयन कर लिया जाएगा। जिस स्थान पर सभी की सहमति होगी, वहीं मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा।

 

आमतौर पर सरकार अनुपूरक बजट शीतकालीन सत्र में पेश करती है, लेकिन इस बार इसे मानसून सत्र में ही लाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए वित्त विभाग ने सभी विभागों को पत्र भेजकर बजट प्रस्ताव मांगे हैं।

 

धामी सरकार के वर्तमान कार्यकाल का यह अंतिम मानसून सत्र होगा। ऐसे में सत्र के दौरान महत्वपूर्ण विधेयकों और नीतिगत फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है। आगामी वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में सरकार के लिए यह सत्र राजनीतिक और नीतिगत रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

पिछले वर्ष धामी सरकार ने विधानसभा का मानसून सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित किया था। ऐसे में इस बार भी गैरसैंण में मानसून सत्र आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार भराड़ीसैंण में सत्र आयोजित कर जनता के बीच एक बड़ा संदेश देने की कोशिश कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *