देहरादून: नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑटो में घूमकर खास तौर पर नशे के आदी लोगों को अपना निशाना बनाते थे और खुखरी दिखाकर उन्हें डराने-धमकाने के बाद मोबाइल फोन और पैसे छीन लेते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो स्मार्टफोन, एक धारदार खुखरी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को नेहरू कॉलोनी पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपी रूप नगर रेलवे पटरी के पास खाली मैदान में अपने ऑटो के साथ खड़े हैं। सूचना थी कि दोनों दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर ऑटो में बैठे दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक धारदार खुखरी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल फोन उन्होंने अलग-अलग घटनाओं में छीने थे। आरोपियों के मुताबिक, आनंदग्राम और रिस्पना पुल के पास उन्होंने दो नशे के आदी लोगों को खुखरी दिखाकर डराया-धमकाया और उनके मोबाइल फोन छीन लिए थे।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे खुद भी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुख्य रूप से नशेड़ी व्यक्तियों को अपना निशाना बनाते थे और खुखरी दिखाकर उनसे मोबाइल फोन व पैसे छीन लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव (23), निवासी पंचायती शिव मंदिर के पास, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून और सुनील उर्फ चक्की (22), निवासी मंगल बस्ती, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0-378/2026, धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, अवैध खुखरी बरामद होने के मामले में मु0अ0सं0-381/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में छीने गए दो स्मार्टफोन, एक खुखरी और वारदात में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK-07-TE-4872 बरामद किया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल मोहित शर्मा शामिल रहे।