ऋषिकेश: रेलवे रोड स्थित एक होटल में किए गए कथित अनधिकृत निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने संयुक्त सचिव के आदेश पर 5 सितंबर 2026 को यह कार्रवाई की। सीलिंग के दौरान एई अभिषेक भारद्वाज, जेई पूनम सकलानी और जेई जयदीप राणा समेत संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
यह वही होटल है, जहां 29 अगस्त 2026 को एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। 30 अगस्त को पीड़िता के पिता ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले में ऋषिकेश पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 31 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में आरोपी के फोन से पीड़िता के फोटो और वीडियो बरामद होने की बात सामने आई थी।
जांच के दौरान होटल प्रबंधन की भूमिका भी पुलिस के दायरे में आई। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को बिना वैध पहचान पत्र और बिना रजिस्टर में एंट्री के होटल में प्रवेश दिया गया था। इसके अलावा घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को सूचना नहीं देने और नाबालिग को बाहर ले जाने के दौरान होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद किए जाने के आरोप भी सामने आए। इन आरोपों के आधार पर होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद होटल का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई थी। इसी बीच होटल में कथित अनधिकृत निर्माण के मामले में एमडीडीए की ओर से सीलिंग की कार्रवाई की गई है।
बताया गया है कि होटल का नक्शा आरोपी राहुल अग्रवाल के पिता के नाम पर पास हुआ है। अब अनधिकृत निर्माण को लेकर हुई सीलिंग कार्रवाई के बाद होटल एक बार फिर चर्चा में है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद होटल के संचालन और भवन से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर संबंधित विभागों की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।