15 अगस्त तक LPG ई-केवाईसी नहीं कराई तो बंद हो सकता है कनेक्शन, घर बैठे ऐसे करें सत्यापन

देहरादून: घरेलू गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी को लेकर उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। अब ई-केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन से घर बैठे ही ऑनलाइन ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक ई-केवाईसी कराने की अपील की है। निर्धारित समय तक सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन बंद किए जा सकते हैं।

 

 

देहरादून में 2 लाख से ज्यादा उपभोक्ता बाकी

 

देहरादून जिले में विभिन्न तेल कंपनियों की कुल 70 गैस एजेंसियों से 7,73,356 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इनमें अब तक 5,64,642 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 2,08,714 उपभोक्ता अभी ई-केवाईसी से वंचित हैं। जिले में इंडियन ऑयल की 53, भारत पेट्रोलियम की 10 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की सात गैस एजेंसियां संचालित हैं।

 

मोबाइल से घर बैठे ऐसे करें ई-केवाईसी

 

जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के मुताबिक, उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल एप डाउनलोड कर ई-केवाईसी कर सकते हैं। इंडेन उपभोक्ता IndianOil ONE, भारत गैस उपभोक्ता HelloBPCL और हिंदुस्तान गैस उपभोक्ता HP PAY एप के जरिए सत्यापन कर सकते हैं।

 

ई-केवाईसी के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर से एप में लॉगिन करना होगा। इसके बाद ई-केवाईसी का विकल्प चुनकर फेस स्कैन के माध्यम से सत्यापन पूरा किया जा सकता है। फेस सत्यापन के लिए आधार फेस एप की जरूरत पड़ सकती है।

 

दिक्कत होने पर गैस एजेंसी में कराएं सत्यापन

 

अगर किसी उपभोक्ता को मोबाइल के जरिए ई-केवाईसी करने में परेशानी होती है तो वह संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय में जाकर भी अपना सत्यापन करा सकता है। आपूर्ति विभाग ने गैस एजेंसी संचालकों और डिलीवरी मैन को उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें ई-केवाईसी के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

 

विभाग का लक्ष्य 15 अगस्त तक अधिक से अधिक उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी कराना है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें समय रहते अपना सत्यापन पूरा करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *