प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को मिलेगी निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना

देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू करने की तैयारी में हैयोजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

 

 

इस योजना का उद्देश्य राज्य के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक स्थिति युवाओं की तैयारी में बाधा न बने।

 

विश्वविद्यालय और सहायता प्राप्त कॉलेजों के छात्रों को मिलेगा लाभ

 

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा। योजना के तहत विभिन्न प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

 

इसमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (PCS), CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।

 

NET और GATE समेत कई परीक्षाओं की तैयारी

 

योजना के तहत केवल सरकारी नौकरियों से जुड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं तक ही सुविधा सीमित नहीं रहेगी। विद्यार्थियों को CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।

 

इससे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

 

कैबिनेट में हो चुका है विचार-विमर्श

 

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना को लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान कैबिनेट बैठक में भी विचार-विमर्श किया गया था। अब सरकार योजना को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी कर रही है।

 

सरकार का मानना है कि निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा से प्रदेश के अधिक से अधिक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे और उन्हें रोजगार एवं करियर के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *