हल्द्वानी में मिलावटखोरी पर खाद्य विभाग का शिकंजा, पनीर-घी के सैंपल जांच को भेजे

हल्द्वानी: इंदौर में एक प्रतिष्ठित कंपनी के घी की बिक्री पर रोक लगाए जाने के बाद उत्तराखंड में भी खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट हो गया है। कुमाऊं कमिश्नर के निर्देश पर दूध और डेयरी उत्पादों में मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने छापेमारी और जांच अभियान चलाकर पनीर, घी समेत विभिन्न डेयरी उत्पादों के सैंपल लिए हैं।

 

 

विभाग की विशेष नजर सिंथेटिक दूध और उससे तैयार होने वाले पनीर, खोया और घी जैसे उत्पादों पर है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य बाजार में बिक रहे दूध और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाना है।

 

खुले में ले जाए जा रहे पनीर की भी जांच

 

हल्द्वानी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर डेयरी उत्पादों की जांच की। इस दौरान खुले में और उचित व्यवस्था के बिना परिवहन किए जा रहे पनीर को भी जांच के दायरे में लिया गया। टीम ने कई स्थानों से पनीर के नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए स्टेट फूड लैब, रुद्रपुर भेजा गया है।

 

इसके अलावा इंदौर में जिस कंपनी के घी की बिक्री पर रोक लगाई गई है, उसी कंपनी के घी के नमूने भी उत्तराखंड में लिए गए हैं। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित उत्पाद निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।

 

मिलावट मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई

 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में मिलावट पाए जाने पर किसी भी प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजब कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिष्ठित ब्रांड हो या स्थानीय दुकानदार, यदि दूध अथवा उससे बने उत्पादों में मिलावट पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट में गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आवश्यक होने पर सीलिंग की कार्रवाई भी की जा सकती है।

 

डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता पर बढ़ी निगरानी

 

इंदौर में घी को लेकर हुई कार्रवाई के बाद उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी उत्पादों की निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीमें बाजारों, दुकानों और डेयरी उत्पादों से जुड़े प्रतिष्ठानों में जांच कर रही हैं। आने वाले दिनों में भी यह विशेष अभियान जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *