देहरादून में बेकाबू मिक्सर ट्रैक्टर ने BTech छात्रा को कुचला, बहन के सामने गई जान

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। क्लेमनटाउन क्षेत्र के चार खंबा चौक के पास तेज रफ्तार और बेकाबू मिक्सर ट्रैक्टर ने पैदल जा रही BTech छात्रा को कुचल दिया। हादसा छात्रा की बड़ी बहन के सामने हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

मृतका की पहचान वैष्णवी रावत (18) पुत्री प्रदीप सिंह रावत के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दिल्ली में शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास की रहने वाली थी और देहरादून स्थित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में BTech प्रथम वर्ष की छात्रा थी।

 

बहन के साथ पैदल कमरे की ओर लौट रही थी छात्रा

 

थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार, वैष्णवी अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ रात करीब 8:45 बजे पैदल कमरे की ओर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आए यूपी नंबर के मिक्सर ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

 

हादसा इतना गंभीर था कि वैष्णवी को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

 

आरोपी चालक हिरासत में, वाहन जब्त

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया है। मृतका के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।

 

पुलिस के अनुसार, पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

18 वर्षीय छात्रा की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *