देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देहरादून और मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को नियमानुसार मंजूरी दी गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।

बैठक की शुरुआत एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने गढ़वाल आयुक्त एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ की। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या को अनुमोदित किया गया और फिर 114वीं बैठक के एजेंडे पर चर्चा हुई।
बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए की लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को भी नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति दी गई।
बोर्ड बैठक में पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। होटल, पर्यटन इकाई, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से संबंधित मामलों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बोर्ड ने सभी प्रस्तावों पर नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के लागू होने से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्रों में योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करना एमडीडीए की प्राथमिकता है। सभी प्रस्तावों को तकनीकी और नियामकीय मानकों के आधार पर स्वीकृति दी गई, ताकि विकास कार्य पारदर्शी और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जा सकें।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए फैसले क्षेत्र के संतुलित और नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं से निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा प्राधिकरण पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरा करते हुए विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, संयुक्त सचिव वित्त विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (एफआर) कृष्ण कुमार मिश्र, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक एस.एम. श्रीवास्तव, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता सौरभ शर्मा, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।