हरिद्वार में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का गर्डर गिरा, दो कांवड़ियों की दर्दनाक मौत

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर का लोहे का भारी गर्डर गिरने से उसकी चपेट में आए उत्तर प्रदेश के दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे और थकान के कारण फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर आराम कर रहे थे।

 

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 21 वर्षीय तनुज और 22 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य कांवड़ियों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

सुरक्षा मानकों की जांच शुरू

 

बहादराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सुरक्षा मानकों के पालन और लोहे का भारी गर्डर रखने में किसी प्रकार की लापरवाही की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

दो दिन में कांवड़ यात्रा का दूसरा बड़ा हादसा

 

कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद दो दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले ज्वालापुर क्षेत्र में गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के चार नाबालिग कांवड़ियों की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, गंगा स्नान के दौरान एक युवक को बचाने के प्रयास में उसके तीन साथी भी गहरे पानी में चले गए थे, जिससे चारों की जान चली गई।

 

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों से निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने और निर्माणाधीन स्थलों तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *