हरिद्वार: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच हरिद्वार से बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार दोपहर तेज बारिश के दौरान भीमगोडा कुंड के पास एक विशालकाय पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे हरिद्वार-देहरादून-ऋषिकेश रेलमार्ग पर रेल संचालन प्रभावित हो गया। पेड़ की चपेट में हाईटेंशन बिजली लाइन भी आ गई, जिसके चलते रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी।
लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना के समय एक ट्रेन घटनास्थल की ओर बढ़ रही थी, लेकिन लोको पायलट ने समय रहते ट्रैक पर गिरे पेड़ को देख ट्रेन रोक दी। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक बाधित होने से इस मार्ग पर संचालित करीब आधा दर्जन ट्रेनों पर असर पड़ा है। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया, जबकि कई ट्रेनों के संचालन में देरी हुई।
ट्रैक से पेड़ हटाने का काम जारी
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पहले हाईटेंशन बिजली लाइन को सुरक्षित किया जा रहा है, उसके बाद पेड़ को काटकर रेलवे ट्रैक से हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही रेल संचालन बहाल किया जाएगा। अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और जल्द से जल्द रेल यातायात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।