राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में देहरादून में कांग्रेस का लोक भवन कूच, बैरिकेड तोड़ने पर कई कार्यकर्ता हिरासत में

MDDA Advertisement

देहरादून: देश में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद कूच के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार देर शाम देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक भवन कूच किया। हालांकि, पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की ओर से लगाए गए पहले बैरिकेड को तोड़ दिया और दूसरे बैरिकेड तक पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखा। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।

 

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसी के विरोध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया, जहां दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

 

इसी घटनाक्रम के विरोध में देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ता न्यू कैंट रोड स्थित सेंट्रियो मॉल के पास एकत्र हुए और लोक भवन की ओर कूच किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत उन्हें हाथीबड़कला में रोक दिया।

 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि संसद में राहुल गांधी को छात्रों से जुड़े मुद्दे पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष ने लोकतांत्रिक तरीके से प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध दर्ज कराया तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

 

वहीं, यूथ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष स्वाति नेगी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के साथ बल प्रयोग और विपक्षी नेताओं की हिरासत लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

 

प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। फिलहाल स्थिति सामान्य है और हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संबंध में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *