रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के बाजपुर में हुई करीब 34 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। करीब 500 सीसीटीवी फुटेज की जांच, मैनुअल सर्विलांस और लगातार सुरागरसी के बाद पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बाजपुर निवासी ओमकार वर्मा ने 9 जुलाई को कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनकी ‘ओम ज्वैलर्स’ नाम से आभूषणों की दुकान में 8 जुलाई की रात चोरी हुई। अज्ञात चोर शटर और ताला तोड़कर दुकान में घुसे और करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर (NVR) और टीवी चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीमों ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मैनुअल सर्विलांस और लगातार सुरागरसी के जरिए संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई। आखिरकार 19/20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को चोरी में इस्तेमाल किए गए ऑटो सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे, फिर शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की भी बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया:
82.74 ग्राम सोने के आभूषण
10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण
39,500 रुपये नकद
चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो
गिरफ्तार आरोपी:
आजम पुत्र शकील अहमद, निवासी आदर्श नगर वार्ड-38, थाना काशीपुर, हाल निवासी नरपत नगर, रामपुर (उत्तर प्रदेश)
इस्लाम पुत्र सफी अहमद, निवासी नरपत नगर, रामपुर (उत्तर प्रदेश)
करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद, निवासी नरपत नगर, रामपुर (उत्तर प्रदेश)
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी आजम के खिलाफ वर्ष 2016 और 2017 में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2018 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में चोरी, लूट और संगठित अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण, सर्विलांस और प्रभावी पुलिसिंग के जरिए प्रत्येक घटना का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।