भारी बारिश का असर: देहरादून-मसूरी हाईवे कई जगह धंसा, पर्यटकों के लिए मार्ग बंद

देहरादून: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते देहरादून-मसूरी हाईवे कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क धंसने और पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन मार्ग को पर्यटकों के लिए बंद करने का निर्णय लिया है। अगले आदेश तक इस मार्ग से मसूरी जाने की अनुमति नहीं होगी।

बारिश के कारण हाईवे के कई हिस्सों में सड़क धंस गई है, जिससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया। कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए, जबकि कुछ स्थानों पर पहाड़ी से बोल्डर और मलबा गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर सड़क धंसने और पत्थर गिरने के वीडियो भी सामने आए हैं।

प्रशासन के अनुसार, देहरादून-मसूरी मार्ग के चार से पांच स्थान ऐसे हैं जो अत्यधिक संवेदनशील हो चुके हैं। खासकर वे इलाके, जहां पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी, इस बार फिर खतरे की जद में हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

मसूरी के संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने बताया कि जिन स्थानों पर पिछले वर्ष बारिश के दौरान नुकसान हुआ था, वे एक बार फिर संवेदनशील हो गए हैं। इन क्षेत्रों में जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है, ताकि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

प्रशासन ने हाईवे का विस्तृत सेफ्टी सर्वे कराने का भी फैसला लिया है। जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करेगी और सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट तैयार करेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर सड़क की मरम्मत और मार्ग को दोबारा खोलने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

फिलहाल क्षतिग्रस्त हिस्सों में मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन जहां सड़क पूरी तरह धंस चुकी है, वहां जल्द बहाली की संभावना कम है। ऐसे में सेफ्टी सर्वे के बाद ही यह तय होगा कि मार्ग कब तक सुरक्षित होकर दोबारा खोला जा सकेगा।

गौरतलब है कि मानसून सीजन के दौरान भी बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचते हैं। ऐसे में देहरादून-मसूरी हाईवे का बंद होना पर्यटन गतिविधियों पर भी असर डाल सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम और यातायात संबंधी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *