सिल्क्यारा टनल में फिर हादसा: कंक्रीट ब्लॉक गिरने से मजदूर की मौत, जांच शुरू

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में बुधवार-गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। टनल के भीतर कंक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आए 21 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों में हड़कंप मच गया और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र प्रभारी शार्दूल गुसांई ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट लाइनिंग का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। हादसे में झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) घटना की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

गौरतलब है कि इसी सिल्क्यारा-बड़कोट सुरंग में 12 नवंबर 2023 को बड़ा हादसा हुआ था, जब सुरंग का एक हिस्सा ढहने से 41 मजदूर अंदर फंस गए थे। करीब 17 दिनों तक चले देश के सबसे चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियानों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, बीआरओ और एनएचआईडीसीएल सहित कई एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाया था।

बचाव अभियान के दौरान अमेरिकी ऑगर मशीन के साथ-साथ ‘रैट-होल माइनर्स’ की मदद ली गई थी। अंततः 28 नवंबर 2023 को सभी 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस सफल अभियान की देश-विदेश में सराहना हुई थी और इसे भारत के सबसे कठिन रेस्क्यू ऑपरेशनों में से एक माना गया था।

ताजा हादसे के बाद एक बार फिर निर्माणाधीन सुरंगों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *