हरिद्वार में दर्दनाक हादसे: तेज रफ्तार कार ने दो मासूम बहनों को कुचला, ट्रक चालक की भी मौत

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने मातम पसरा दिया। श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट बस्ती में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रही दो मासूम बहनों को कुचल दिया। हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, सुमननगर क्षेत्र में देर रात ट्रक के सुरक्षा दीवार से टकराने पर चालक की मौत हो गई।

 

घर के बाहर खेल रही थीं बहनें, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

 

पुलिस के अनुसार चंडीघाट बस्ती निवासी राजकिशोर की बेटियां पांच वर्षीय अनिता और तीन वर्षीय सरिता घर के बाहर खेल रही थीं। इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज गति से आई कार ने दोनों बच्चियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अनिता गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन सहित फरार हो गया। घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

 

मजदूर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियों के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

श्यामपुर क्षेत्राधिकारी अवनी तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृत बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

 

सुमननगर में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौत

 

उधर, देर रात सुमननगर क्षेत्र में पथरी पुल के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर रौ नदी की सुरक्षा दीवार से जा टकराया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।

 

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

शाहजहांपुर का रहने वाला था चालक

 

मृतक चालक की पहचान 28 वर्षीय चंदन जोशी, निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पंजाब नंबर के ट्रक से सिडकुल की ओर जा रहा था। रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

 

दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *