बहनोई के घर से लौट रहे मजदूर की सड़क हादसे में मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 46 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। देर रात बहनोई के घर से लौटते समय उनका ऑटो वाहन रिंग रोड स्थित बागवाला रोड पर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रंजीत विश्वास उर्फ कालू (46) पुत्र मुकुंद विश्वास निवासी शर्मा रोड, बिलासपुर, रामपुर के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

 

डिवाइडर से टकराया ऑटो

 

बताया जा रहा है कि रंजीत विश्वास देर रात दिनेशपुर स्थित अपने बहनोई के घर से वापस लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे रिंग रोड स्थित बागवाला रोड पर उनका ऑटो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया। घायल रंजीत को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

गांव के बीडीसी सदस्य के अनुसार, रंजीत विश्वास मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। बड़े बेटे की उम्र करीब 15 वर्ष, दूसरे बेटे की उम्र 12 वर्ष और सबसे छोटे बच्चे की उम्र लगभग 9 वर्ष बताई जा रही है।

 

रंजीत अपने तीन भाइयों में से एक थे। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

 

पुलिस जांच में जुटी

 

हादसे की सूचना मिलने पर पंतनगर सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंतनगर सिडकुल के एसएसआई अनिल मेहता ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। परिजनों की ओर से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

रंजीत विश्वास की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *