चारधाम और हेमकुंड यात्रा पर नगरासू विवाद का असर, प्रशासन बोला- यात्रा सुचारू, माहौल शांत

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

रुद्रप्रयाग: नगरासू गुरुद्वारे में निहंग सिखों के डटे रहने का मामला चौथे दिन भी जारी है। कर्णप्रयाग तलवारबाजी प्रकरण में गिरफ्तार साथियों की रिहाई, स्थानीय लोगों पर भी मुकदमा दर्ज करने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग को लेकर निहंग अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि पूरे क्षेत्र में शांति बनी हुई है और चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा बिना किसी बाधा के संचालित हो रही है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगरासू में उत्पन्न विवाद स्थानीय स्तर तक सीमित है और इसका यात्रा संचालन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है।

प्रशासन के अनुसार, निहंगों से जुड़ा विवाद केवल गुरुद्वारा परिसर तक सीमित है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि निहंग लंगर ग्रहण करने के लिए गुरुद्वारे में पहुंचे थे, जिसके बाद वहां विवाद की स्थिति बनी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयास में जुटे हुए हैं।

हालांकि विवाद के बाद नगरासू बाजार में सिख श्रद्धालुओं की आवाजाही में कुछ कमी देखने को मिली है। गुरुद्वारे में लंगर ग्रहण करने वाले यात्रियों की संख्या भी घटी है। स्थानीय होटल, लॉज और बाजारों में कारोबार पर भी असर पड़ा है। स्थानीय व्यापारी और नागरिक प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

इस बीच हेमकुंड यात्रा के दौरान निहंगों के साथ कथित मारपीट और गिरफ्तारी के मामले को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का प्रतिनिधिमंडल डीजीपी दीपम सेठ से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मामले की जांच चमोली पुलिस से हरिद्वार पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई है।

कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद में अब क्रॉस मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। घायल निहंग श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर स्थानीय लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच हरिद्वार पुलिस की निगरानी में की जाएगी।

नगरासू गुरुद्वारे में स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने अपर जिलाधिकारी, एसडीएम, सीओ समेत वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की है। पुलिस और आईटीबीपी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए हैं। वहीं शासन ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय से तलब की है और मामले को सांप्रदायिक रंग देने वालों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

प्रशासन का कहना है कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित है और श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संचालित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *