सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में ट्रैफिक प्लान लागू, 13 से 15 जून तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड के चलते हरिद्वार में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 13 से 15 जून तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है।

 

एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहन नारसन, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होकर शहर में प्रवेश करेंगे। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है। भीड़ बढ़ने पर इन वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।

 

मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे, जबकि बड़े वाहनों को नीलधारा-गोरीशंकर पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। देहरादून-ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म और रायवाला मार्ग से हरिद्वार लाया जाएगा और उनके लिए लालजीवाला, पंतदीप तथा चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है।

 

यात्रा से लौटने वाले दिल्ली और मेरठ जाने वाले वाहन देहरादून, ऋषिकेश, नेपाली फार्म, रायवाला और चंडी चौक होते हुए एनएच-344 से जाएंगे। नजीबाबाद जाने वाले वाहन चंडी चौक और श्यामपुर मार्ग से निकाले जाएंगे। यातायात दबाव बढ़ने पर चीला मार्ग केवल शहर से बाहर निकलने वाले वाहनों के लिए उपयोग किया जाएगा। गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक की ओर यातायात संचालित रहेगा, जबकि टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।

 

एसएसपी ने बताया कि 13 जून सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक और 14 जून को स्नान पर्व समाप्ति तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 15 जून तड़के 3 बजे से दिल्ली-मेरठ मार्ग से आने वाले बड़े वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।

 

इसी बीच शुक्रवार को सर्विस लेन पर खड़ी बस के कारण लंबा जाम लग गया, जिसमें एक एंबुलेंस करीब 20 मिनट तक फंसी रही। जाम के चलते हाईवे, सर्विस लेन और शहर के आंतरिक मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *