देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए रविवार 8 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में तैनात 11,733 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरवाएंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार यह अभियान 8 जून से 7 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, उन्हें भरवाएंगे और वापस एकत्र करेंगे। यदि कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ उसके घर पर तीन बार तक दौरा करेंगे।
‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा शुरू
मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ फीचर भी उपलब्ध कराया है। इसके जरिए मतदाता ऑनलाइन अपने बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे।
इसके लिए मतदाता वोटर्स सर्विस पोर्टल या ECI-Net मोबाइल ऐप का उपयोग कर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद संबंधित बीएलओ दो दिनों के भीतर मतदाता से संपर्क करेंगे।
घर पर नहीं मिलने पर लगाया जाएगा स्टीकर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार यदि कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं मिलता है तो बीएलओ उसके घर पर स्टीकर लगाकर अगली विजिट की तारीख और अपना मोबाइल नंबर दर्ज करेंगे, ताकि मतदाता आसानी से संपर्क कर सके।
15 सितंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
अभियान के बाद मतदाता सूची के संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्वाचन विभाग ने इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।
महत्वपूर्ण तिथियां
8 जून से 7 जुलाई: घर-घर सत्यापन और गणना प्रपत्र संग्रह
14 जुलाई: प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन
14 जुलाई से 13 अगस्त: दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि
11 सितंबर: दावे-आपत्तियों का निस्तारण
15 सितंबर: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
पुरानी वोटर लिस्ट भी ऑनलाइन उपलब्ध
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की पुरानी मतदाता सूची भी उपलब्ध कराई है। मतदाता विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता/पति के नाम या क्षेत्र के आधार पर अपनी पुरानी जानकारी और बूथ संख्या खोज सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि प्रदेश की मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।