उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, 79 लाख से अधिक वोटरों तक पहुंचेंगे गणना प्रपत्र

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने राज्य के 79 लाख 76 हजार से अधिक मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्रों की छपाई पूरी कर ली है। सभी जिलों को प्रपत्र भेज दिए गए हैं और 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर इनका वितरण करेंगे।

 

निर्वाचन विभाग के अनुसार, 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और भरे हुए प्रपत्र वापस एकत्र करेंगे। इसके बाद 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया जाएगा। 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित किया जाएगा, जिस पर 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

 

निर्वाचन अधिकारियों की ओर से 10 जुलाई से 11 सितंबर के बीच उन प्रपत्रों की जांच की जाएगी, जिनकी जानकारी पर संदेह होगा। ऐसे मामलों में संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक सत्यापन किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 15 सितंबर को राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

 

गणना प्रपत्र में मतदाता का वर्तमान ईपीआईसी नंबर, नाम, पता, मतदान केंद्र संबंधी जानकारी और क्यूआर कोड पहले से अंकित रहेगा। इसके अलावा मतदाता को पूर्व मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, परिवार के सदस्य का विवरण, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी। मतदाता को अपना नवीनतम फोटो लगाकर हस्ताक्षर सहित प्रपत्र बीएलओ को जमा करना होगा।

 

निर्वाचन विभाग ने बताया कि गणना प्रपत्र ऑनलाइन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मतदाता वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर उसे भरकर जमा कर सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *