राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले सियासत गरम, सीएम धामी का कांग्रेस पर बड़ा हमला

MDDA Advertisement

अल्मोड़ा : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले उन पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को देवभूमि उत्तराखंड स्वीकार नहीं करेगा।

दरअसल, राहुल गांधी आगामी 4 जून को उत्तराखंड दौरे पर आने वाले हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में रैली करेंगे। साथ ही पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों से भी मुलाकात करेंगे। इसी को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।

अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय सेना का अपमान करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भारतीय सेना की कार्रवाई और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते रहे हैं, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक सैन्य बहुल राज्य है और यहां के लोगों का सेना व राष्ट्रभक्ति से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सीमाएं दो देशों से जुड़ी हैं और यहां के लोग राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हैं। ऐसे में कांग्रेस की राजनीति उत्तराखंड में सफल नहीं हो सकती।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास का लोकार्पण भी किया। साथ ही जिले में करीब 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में बने नए भवनों से शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी और छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और विकास को नई दिशा देना है, ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर मिल सकें और पलायन कम हो।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। वहीं, राहुल गांधी के संभावित दौरे और भाजपा के आक्रामक रुख को लेकर प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *