उत्तराखंड में गर्मी का कहर जारी, दून में फिर 40 पार पहुंचा पारा; कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और हल्द्वानी समेत कई क्षेत्रों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दो दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान फिर सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया। दून का पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले छह दिनों में तीसरी बार 40 डिग्री के पार गया है।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए मैदानी इलाकों में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, देहरादून सहित मैदानी जिलों में झुलसाने वाली गर्मी का दौर जारी रहेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम कुछ राहत दे सकता है।

पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा कई पर्वतीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।

मैदानी इलाकों में लू का अलर्ट

एक ओर जहां पहाड़ों में मौसम करवट लेने वाला है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और आसपास के इलाकों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

30 मई तक जारी रहेगा मौसम का असर

मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 मई को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना बनी रहेगी। वहीं 28 मई से 30 मई तक पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 30 मई को देहरादून और कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

लोगों की बढ़ी परेशानी

तेज गर्मी और गर्म हवाओं के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम देखने को मिल रही है। अस्पतालों में भी गर्मी से जुड़ी समस्याओं के मरीज बढ़ने लगे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *