दून अस्पताल में तीन घंटे की जटिल प्रक्रिया के बाद मासूम की सांस की नली से कील निकाली, बड़ा हादसा टला

देहरादून।देहरादून स्थित दून अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सूझबूझ और कुशलता का परिचय देते हुए तीन साल की एक मासूम बच्ची की जान बचा ली। बच्ची ने खेल-खेल में नुकीली कील निगल ली थी, जो गले से होते हुए सांस की नली के पास जाकर फंस गई।

 

कील फंसने के कारण बच्ची को लगातार खांसी आ रही थी और उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन घबराकर तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान स्थिति गंभीर पाई गई, क्योंकि कील का स्थान अत्यंत संवेदनशील था और जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती थी।

डॉक्टरों की टीम ने बिना देरी किए एंडोस्कोपिक प्रक्रिया से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विशेषज्ञों ने अत्यंत सावधानी के साथ कील को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और बच्ची की हालत अब स्थिर और सुरक्षित है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को खेलते समय नुकीली या छोटी वस्तुओं से दूर रखें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *