देहरादून। नगर निगम देहरादून की चतुर्थ बोर्ड बैठक में बुधवार को शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई राशि की अधिकतम सीमा ₹5,100 निर्धारित कर दी गई। तय सीमा से अधिक धनराशि मांगने पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान कुल 65 प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी, लेकिन हंगामे के चलते सभी प्रस्तावों पर विचार नहीं हो सका। अब शेष प्रस्तावों पर चर्चा के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी।
सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ा
बोर्ड बैठक में पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मियों) का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। मानदेय को ₹500 से बढ़ाकर ₹800 प्रतिदिन कर दिया गया है। साथ ही प्रत्येक वार्ड में पर्यावरण मित्रों का समान वितरण सुनिश्चित करने की घोषणा भी की गई।
हंगामेदार रही बैठक
बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस पार्षद कई बार आमने-सामने आ गए। तीखी नोकझोंक और हंगामे के कारण कई प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा नहीं हो पाई।
गौरतलब है कि किन्नरों की बधाई राशि तय करने का प्रस्ताव पिछली बोर्ड बैठक में भी रखा गया था, लेकिन तब इसे मंजूरी नहीं मिल सकी थी। इस बार लंबे विमर्श के बाद इसे अनुमोदित कर दिया गया।
मेयर ने क्या कहा?
देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि चौथी बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई राशि अधिकतम ₹5,100 तय की गई है। शेष कार्यवाही गुरुवार को जारी रहेगी।