देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने आम जनता, यात्रियों और युवाओं को राहत देने वाले तीन अहम फैसले लिए हैं। सड़क अवसंरचना, शिक्षा और शहरी सुविधाओं से जुड़ी इन पहलों से राज्य के पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
पहाड़ों में सिंगल लेन हाईवे होंगे डबल लेन
राज्य के पर्वतीय इलाकों में सभी सिंगल लेन नेशनल हाईवे को तीन वर्षों के भीतर डबल लेन में बदला जाएगा। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने इसके लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया है। वर्तमान में पर्वतीय क्षेत्रों में लगभग 2,000 किलोमीटर नेशनल हाईवे हैं, जिनमें से करीब 1,000 किलोमीटर पहले से डबल लेन हैं, जबकि शेष 1,000 किलोमीटर अभी सिंगल लेन हैं।
लोनिवि के एचओडी राजेश शर्मा के अनुसार, चरणबद्ध तरीके से इन सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और पहाड़ों में सफर अधिक सुरक्षित बन सकेगा।
मैदानी इलाकों में फोर लेन होंगे हाईवे
मैदानी क्षेत्रों में करीब 155 किलोमीटर नेशनल हाईवे अभी सिंगल लेन हैं। इन्हें जल्द ही फोर लेन में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। योजना के तहत देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जिलों के सभी नेशनल हाईवे को फोर लेन में बदला जाएगा, ताकि बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम किया जा सके और आवागमन सुगम हो।
ब्लैक स्पॉट खत्म, ढलान और मोड़ों में सुधार
सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ खतरनाक ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित कर हटाए जाएंगे। तीव्र मोड़ों और खतरनाक ढलानों में सुधार किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
11 हजार छात्रों को मुफ्त कोचिंग
राज्य सरकार ने युवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ लागू कर दी है। इस योजना के तहत प्रदेश के 11,000 मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि जिलावार स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से चयन किया जाएगा। इस योजना पर प्रतिवर्ष 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
योजना के तहत:
सिविल सर्विसेज के लिए 2000 छात्र
एसएससी, रेलवे सर्विसेज व समकक्ष परीक्षाओं के लिए 5000 छात्र
बैंकिंग सर्विसेज के लिए 2000 छात्र
कैट, मैट, गेट, नेट, सीएसआईआर व अन्य प्रवेश परीक्षाओं के लिए 2000 छात्र
चयनित अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। योजना की निगरानी के लिए उच्च शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति तथा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय स्टेयरिंग समिति गठित की गई है।
मियांवाला में 3.30 करोड़ की लागत से आधुनिक पार्क
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मियांवाला क्षेत्र में एक पुराने प्राकृतिक तालाब का कायाकल्प कर उसे आधुनिक पार्क के रूप में विकसित किया है। करीब 3.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का लोकार्पण रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने किया।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। स्थानीय पार्षद पूजा नेगी सहित क्षेत्रवासियों ने भी प्राधिकरण की पहल की सराहना की।