जनगणना 2026: भवन स्व-गणना की शुरुआत, 33 सवालों के जवाब देकर ऑनलाइन कर सकेंगे एंट्री

देहरादून। जनगणना के पहले चरण में भवनों की गणना के लिए शुक्रवार से प्रदेश में स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नागरिक अब घर बैठे पोर्टल पर 33 आसान सवालों के जवाब देकर अपनी स्व-गणना कर सकते हैं।

इस प्रक्रिया की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने की। वहीं शाम 5 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक ऑनलाइन मौका

जनगणना निदेशालय के अनुसार प्रदेश में 10 अप्रैल से 25 अप्रैल तक भवन स्व-गणना का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल Census of India Self Enumeration Portal का उपयोग किया जा रहा है। इस दौरान नागरिकों को 33 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे।

फॉर्म भरने के बाद प्रत्येक परिवार को एक SE ID (Self Enumeration ID) प्राप्त होगी। यह आईडी आगे आने वाले प्रगणक (enumerator) को दी जाएगी, जिससे वे डेटा को सत्यापित कर अंतिम रूप से जनगणना सॉफ्टवेयर में दर्ज करेंगे।

25 अप्रैल से घर-घर होगा सर्वे

जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि 25 अप्रैल से 24 मई के बीच प्रगणक घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन करेंगे और अंतिम एंट्री सुनिश्चित करेंगे।

33 सवालों में क्या-क्या पूछा जाएगा

स्व-गणना में नागरिकों से घर और परिवार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें शामिल हैं—

मकान की संरचना (फर्श, दीवार, छत में प्रयुक्त सामग्री)

मकान का उपयोग और उसकी स्थिति

परिवार के सदस्यों की संख्या और मुखिया का विवरण

जाति संबंधी जानकारी (अनुसूचित जाति/जनजाति/अन्य)

पेयजल, बिजली और शौचालय की सुविधा

रसोईघर और ईंधन का प्रकार

इंटरनेट, टीवी, रेडियो और मोबाइल की उपलब्धता

वाहन स्वामित्व (साइकिल, बाइक, कार आदि)

अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारी

डिजिटल जनगणना की ओर कदम

अधिकारियों के अनुसार यह प्रक्रिया डिजिटल जनगणना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे डेटा संग्रह अधिक तेज, सटीक और पारदर्शी होगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि बाद में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *