दिव्यांशु जटराना हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो होटल सील, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराना हत्याकांड के मामले में गुरुवार को प्रेमनगर थाना पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की। घटना स्थल से जुड़े बाबा की रसोई रेस्टोरेंट और इसके पास स्थित चंपारण होटल को सील कर दिया गया है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि विवाद की शुरुआत यहीं से हुई थी और इन दोनों प्रतिष्ठानों के देर रात तक खुलने की शिकायतें पुलिस तक पहुँच रही थीं।

इसी दौरान पुलिस ने आरोपी अंकित भारद्वाज (19) को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार किया। वहीं, इस मामले के मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। घटना के बाद अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी 11 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

गुरुवार को एसओजी और प्रेमनगर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देहरादून के साथ उत्तर प्रदेश और बिहार के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन मुख्य आरोपियों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने वारदात के बाद लगातार चकमा दिया और उन्हें यूपी व बिहार में छिपने की जानकारी मिलने के बाद टीमें बाहरी राज्यों में रवाना की गई।

सीओ प्रेमनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और टीमें संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस की सख्ती और छात्रों के लिए चेतावनी

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि विश्वविद्यालय और कॉलेजों के छात्र रात में अनावश्यक घूमने या हुड़दंग करने पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में संबंधित कॉलेज/यूनिवर्सिटी से रिपोर्ट भेजकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पिछली रात पुलिस ने बेवजह घूम रहे 288 लोगों से पूछताछ की। इनमें से 156 संदिग्धों को थाने लाया गया और 99 व्यक्तियों पर 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। कुल 49,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई छात्रों के बढ़ते अपराध और हिंसा पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *