घरेलू गैस को लेकर राहत की खबर, देहरादून में औसत डिलीवरी 5 से 7 दिन के भीतर, अफवाह से बढ़ा था दबाव

देहरादून। घरेलू रसोई गैस को लेकर उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। गैस एजेंसियों के अनुसार बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को औसतन 5 से 7 दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है, लेकिन तय समय के भीतर सिलिंडर घर तक पहुंचाने का दावा किया जा रहा है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक गैस वितरण व्यवस्था में हरिद्वार के बाद देहरादून की स्थिति सबसे बेहतर मानी जा रही है। राजधानी में करीब 70 गैस एजेंसियां सक्रिय हैं। यहां भगवानपुर, हरिद्वार और लोनी स्थित बॉटलिंग प्लांटों से नियमित आपूर्ति की जा रही है।

हालांकि एजेंसियों का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में दूसरे दिन तो कहीं आठ से दस दिन में भी सिलिंडर पहुंच रहा है। देहरादून में औसत वितरण समय 5.22 दिन दर्ज किया गया है।

अफवाह से बढ़ा दबाव

11 से 13 मार्च के बीच गैस की कमी को लेकर फैली अफवाह के चलते अचानक बुकिंग में इजाफा हो गया था। उस दौरान 25 और 45 दिन का नियम लागू नहीं था, जिससे सर्वर पर अत्यधिक लोड पड़ा और तेल कंपनियों के सॉफ्टवेयर प्रभावित हो गए।

अधिकारियों के अनुसार अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। यदि किसी दिन बॉटलिंग प्लांट बंद रहता है तो उस दिन की सप्लाई प्रभावित होती है, जिससे अगले दिनों में बैकलॉग बढ़ जाता है और डिलीवरी में देरी हो सकती है।

उत्तराखंड में गैस वितरण का औसत समय

हरिद्वार – 4.5 दिन

देहरादून – 5.22 दिन

ऋषिकेश – 5.7 दिन

टिहरी – 5.7 दिन

रुद्रपुर – 5.76 दिन

हल्द्वानी – 6.45 दिन

अल्मोड़ा – 6.83 दिन

विभाग का कहना है कि उपभोक्ता अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *