चारधाम यात्रा 2026: अब तक 10 लाख पंजीकरण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर सरकार का फोकस

MDDA Advertisement

चारधाम यात्रा अपडेट: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 10 लाख तीर्थयात्री यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।

19 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा

मुख्यमंत्री ने बताया कि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा को लेकर सरकार ने पिछले वर्ष धामों के कपाट बंद होने के बाद से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं।

पांच करोड़ की एडवांस बुकिंग

उन्होंने जानकारी दी कि गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृहों में करीब 5 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जो इस बार यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह को दर्शाता है।

व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान

सरकार की ओर से सड़क, परिवहन, आवास, बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा मार्गों की स्थिति का वे स्वयं निरीक्षण करेंगे, ताकि किसी भी तरह की कमी न रह जाए।

पिछले वर्ष 51 लाख श्रद्धालु पहुंचे

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष आपदा के कारण करीब डेढ़ माह तक यात्रा बाधित रही, इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए।

सुरक्षा और आपदा प्रबंधन प्राथमिकता

प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा चुनौतीपूर्ण रहती है, लेकिन हर श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की ओर से मौसम और आपदा से संबंधित पूर्वानुमान की जानकारी भी समय-समय पर दी जाएगी।

कैपिंग पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं

चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या सीमित (कैपिंग) करने को लेकर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सामान्य परिस्थितियों में सभी श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *