मौसम अपडेट। उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले कुछ दिनों में मैदानी इलाकों में बादल छाने और पहाड़ों में कोहरे के चलते बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नतीजतन दूसरे ही सप्ताह में तापमान ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।
देहरादून में सामान्य से 8 डिग्री अधिक तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब आठ डिग्री अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग चार डिग्री ज्यादा है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बदला मौसम
पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब आठ डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग पांच डिग्री ज्यादा है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 13 मार्च को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। हालांकि विभाग का अनुमान है कि 17 मार्च तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
बदरीनाथ की चोटियों पर बर्फबारी
उधर, जहां मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर गुरुवार को जमकर बर्फबारी हुई। दो दिन पहले भी यहां बर्फ गिरी थी। गुरुवार सुबह से जिले में मौसम बदला हुआ था। हालांकि निचले क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई, लेकिन बदरीनाथ की ऊंची चोटियां बर्फ से सफेद हो गईं।