देहरादून। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट वितरण पर बड़ा और चुटीला बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव में टिकट उसी को मिलेगा, जो जीतने की क्षमता रखता हो। इसके उलट पार्टी के कुछ नेता अभी से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का नाम लेकर टिकट फाइनल होने का दावा कर रहे हैं।
डॉ. रावत ने तंज कसते हुए कहा, “हर कोई बोल रहा है कि मेरा टिकट फाइनल है। कैसे फाइनल हो गया, पता नहीं। अरे, टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बयान
हरक सिंह रावत का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक कार्यकर्ता कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है और उसी हैसियत से वे स्पष्ट करना चाहते हैं कि टिकट वितरण पूरी तरह योग्यता और जीत की संभावना के आधार पर होगा।
जीतने वाले को ही मिलेगा टिकट
डॉ. रावत ने कहा कि उनके पास लगातार टिकट की सिफारिशें आ रही हैं, लेकिन पार्टी का रुख बिल्कुल साफ है। उन्होने कहा कि “जिस नेता में जीतने का दम होगा, टिकट उसी को मिलेगा — चाहे वह हरक सिंह का करीबी हो, गोदियाल का या प्रीतम सिंह का।”
“मैं पार्टी का सिपाही हूं”
अपने लिए टिकट को लेकर पूछे गए सवाल पर हरक सिंह रावत ने कहा, “मैं पार्टी का सिपाही हूं। जिस सीट से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा, मैं वहीं से चुनाव लड़ूंगा।”
उनके इस बयान को पार्टी में अनुशासन और सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यह साफ हो गया है कि कांग्रेस इस बार टिकट वितरण में किसी भी तरह का दबाव या सिफारिश नहीं मानेगी।