फायरिंग में घायल कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की मौत, गैंगवार की आशंका

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हरिद्वार : कुख्यात बदमाश विनय त्यागी की एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट पेशी के लिए ले जाते समय हुए गोलीकांड में वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। यह घटना बुधवार को लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर फ्लाईओवर के पास हुई थी। तीन दिन तक ट्रॉमा सेंटर में उपचार के बाद शनिवार को उसने दम तोड़ दिया।एम्स ऋषिकेश के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने विनय त्यागी की मौत की पुष्टि की है।

 

पूरा मामला

बुधवार दोपहर करीब एक बजे रुड़की कारागार में बंद मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी को धोखाधड़ी के एक मामले में लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था। सरकारी टाटा सूमो वाहन में चालक सहित छह पुलिसकर्मी मौजूद थे।

जैसे ही पुलिस वाहन लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर ओवरब्रिज के बीच जाम में फंसा, पहले से घात लगाए दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में गोलियां लगीं। दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए, हालांकि उनकी जान बच गई।

फायरिंग के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।

 

इलाज के दौरान मौत

घायल विनय त्यागी को पहले लक्सर सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कड़ी सुरक्षा में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।

 

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल, सीओ नताशा सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

घटना के दूसरे दिन पुलिस ने दोनों शूटरों को खानपुर थाना क्षेत्र के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को गैंगवार की आशंका के चलते रुड़की जेल की बजाय हरिद्वार जेल में शिफ्ट किया गया।

 

हत्या की वजह क्या थी

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा (निवासी गुलजारपुर, काशीपुर) और उसका साथी अजय (निवासी खरमासा कॉलोनी, काशीपुर) ने पूछताछ में पैसों के लेन-देन के विवाद में हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की है।

 

सन्नी का कहना है कि विनय त्यागी उस पर बकाया रकम देने के बजाय उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसी से नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई। दोनों आरोपी पहले भी डकैती जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं।

 

 रेकी के बाद दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों को विनय त्यागी के रुड़की कारागार में शिफ्ट होने और लक्सर कोर्ट में पेशी की जानकारी पहले से थी। उन्होंने लक्सर-रुड़की मार्ग पर रेकी कर पूरी योजना के साथ इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और गैंगवार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *