चकराता में छह माह की गर्भवती दलित महिला से दुष्कर्म, आरोपी पर केस दर्ज

देहरादून : देहरादून के चकराता क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक छह माह की गर्भवती दलित महिला ने गांव के ही एक प्रभावशाली व्यक्ति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद आरोपी और उसके समर्थकों ने पंचायत के माध्यम से मामले को दबाने की कोशिश की और उसके पति पर एक लाख रुपये लेकर समझौता करने का दबाव बनाया।

 

पीड़ित दंपति के मुताबिक, मामले की जानकारी किसी को देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला की तहरीर मिलने के बाद राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

 

ऐसे हुआ घटना का खुलासा

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने पति के साथ विकासनगर में किराये के कमरे में रहती है और बूढ़ी दीवाली वाले दिन परिवार सहित गांव आई थी।28 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह घर के पास पनियार में कपड़े धोने गई थी। इसी दौरान गांव का ही युवक, मुकेश, वहां पहुंचा और पहले छेड़छाड़ की कोशिश करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर उसने उसका मुंह बंद कर दिया और पास के शौचालय में ले जाकर दुष्कर्म किया गया।

घर पहुंचकर महिला ने पूरी घटना अपने पति को बताई, जिसके बाद वह गांव के वरिष्ठ लोगों के पास कानूनी मदद लेने पहुंचे। लेकिन आरोप है कि वहां पंचायत ने मामले को दबाने और पैसे लेकर समझौता कराने की कोशिश की।

 

पुलिस जांच जारी

राजस्व पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग की है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *