विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, 80% झुलसी पीड़िता, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हरिद्वार : हरिद्वार जिले के रोशनाबाद क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।जहां दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। पीड़िता 80 प्रतिशत तक झुलस गई है और फिलहाल एम्स ऋषिकेश में गंभीर हालत में भर्ती है।

क्या है पूरा मामला

पीड़िता भारती की शादी अक्टूबर 2024 में आशीष कुमार पुत्र विजय पाल से हुई थी।शादी के शुरूआती कुछ महीने सामान्य बीते, लेकिन इसके बाद दहेज को लेकर पीड़िता के साथ उत्पीड़न शुरू हो गया था।
पीड़िता के परिवार वालों के अनुसार, कई बार दहेज को लेकर समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन अत्याचार बढ़ते गए।

पीड़िता के पिता ने शिकायत पत्र में बताया कि 24 सितम्बर 2025 को बेटी के जन्म के बाद भारती पर अत्याचार और बढ़ गए। 11 अक्टूबर 2025 को पति, ससुर, सास, ननद और जेठ ने कथित रूप से उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जिसके कारण भारती 80 प्रतिशत तक झुलस गई।

घटना की जानकारी मिलने पर उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल को तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा, “यह अत्यंत निंदनीय और मानवता को झकझोर देने वाली घटना है। किसी भी कीमत पर आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे। हर दोषी को कानून के तहत कठोर सजा दिलाई जाएगी।”

उन्होंने कहा कि यह मामला महिला सुरक्षा और न्याय की कसौटी बनेगा, और पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जांच जारी

एसओ सिडकुल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू हो गई है।
फिलहाल पीड़िता का इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।
पुलिस और महिला आयोग दोनों स्तर पर इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *