गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा, इनोवा कार खाई से नदी में गिरी; चार लोगों की मौत

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद नदी में जा समाई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के भी नदी में लापता होने की आशंका है। उनकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें सर्च अभियान चला रही हैं। वाहन में सवार यात्री गुजरात के बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। अभियान के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले। इसके बाद शवों को बाहर निकाला गया। हालांकि, हादसे के समय कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

तेज बहाव और दुर्गम स्थान से रेस्क्यू में चुनौती

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि गंगनानी के पास इनोवा कार नदी में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमों को मौके पर भेजा गया। अब तक नदी किनारे से चार शव बरामद किए जा चुके हैं। वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए तलाश जारी है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही मृतकों और लापता लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि हादसे का स्थान दुर्गम होने और नदी का बहाव तेज होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां आ रही हैं। टीमों की ओर से घटनास्थल के आसपास नदी किनारे और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। नदी में अन्य लोगों के बहने की आशंका के चलते सर्च अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *