गिरधारी लाल साहू को झटका! गिरफ्तारी पर रोक की याचिका पर नहीं मिली राहत

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी पर रोक लगाने और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने फिलहाल उन्हें कोई राहत नहीं दी और मामले को सुनवाई के लिए दूसरी पीठ को भेज दिया। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ में हुई।

मामले के अनुसार, गिरधारी लाल साहू ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे में लगाए गए आरोपों को झूठा बताया है। याचिका में उन्होंने दावा किया कि उन्हें गलत तरीके से फंसाकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी शादी वर्ष 2004 में हुई थी और तब से रेखा आर्या उनके साथ हैं।

दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि गिरधारी लाल साहू ने खुद को अविवाहित बताकर रेखा आर्या से शादी की, जबकि वह पहले से शादीशुदा थे। उन पर कथित तौर पर जालसाजी कर रेखा आर्या के फर्जी हस्ताक्षर बनाने और उन्हें कई कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का भी आरोप है। इसके अलावा, रेखा आर्या को जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक अपशब्द कहने के आरोप भी लगाए गए हैं।

210 करोड़ की अवैध संपत्ति के आरोपों का भी किया जिक्र

याचिका में गिरधारी लाल साहू की ओर से आरोप लगाया गया कि रेखा आर्या के मंत्री बनने के बाद 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की गई। उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग किए जाने का भी उल्लेख किया। याचिकाकर्ता का दावा है कि इसी के चलते उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया। उन्होंने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक लगाने और मुकदमे को निरस्त करने की मांग की है।

रेखा आर्या ने लगाए थे मानसिक उत्पीड़न और मारपीट के आरोप

गौरतलब है कि 15 अक्टूबर को रेखा आर्या ने फेसबुक लाइव के दौरान रोते हुए अपने साथ मानसिक उत्पीड़न और मारपीट होने का आरोप लगाया था। उन्होंने खुद और बच्चों की जान को खतरा बताते हुए इसके लिए अपने पति गिरधारी लाल साहू को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।

मुकदमा दर्ज होने के कुछ दिन बाद गिरधारी लाल साहू ने भी वीडियो जारी कर रेखा आर्या की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने मंत्री पर भ्रष्टाचार और 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए थे।

फिलहाल मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है। रेखा आर्या एसआईटी के समक्ष पेश होकर अपने बयान दर्ज करा चुकी हैं। वहीं, एसआईटी गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है। हाईकोर्ट में याचिका पर आगे की सुनवाई दूसरी पीठ में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *