महाराष्ट्र के सतारा में महिला डॉक्टर ने की आत्महत्या, दो पुलिसकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के सातारा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां फलटन के सरकारी जिला अस्पताल में कार्यरत एक महिला डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली। घटना ने पूरे स्वास्थ्य और पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है।

डॉक्टर ने आत्महत्या से पहले अपने हाथ पर ही सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उसने दो पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में महिला डॉक्टर ने लिखा कि पुलिस अधिकारी PSI गोपाल बदने ने पिछले पांच महीनों तक उसका यौन शोषण किया, जबकि पुलिसकर्मी प्रशांत ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

घटना 24 अक्टूबर की रात की  है। जब डॉक्टर का शव उसके आवास से बरामद हुआ, तो मौके पर पुलिस और अस्पताल प्रशासन दोनों पहुंच गए। पीड़िता के परिवार ने बताया कि उसने आत्महत्या से पहले फलटन के डिप्टी एसपी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी थी, लेकिन किसी ने कार्रवाई नहीं की।

परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते पुलिस और प्रशासन ने डॉक्टर की शिकायतों पर ध्यान दिया होता, तो शायद आज उसकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के सामने आने के बाद महाराष्ट्र पुलिस विभाग सवालों के घेरे में है। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर एक सरकारी डॉक्टर को इतना मजबूर क्यों होना पड़ा कि उसने अपनी जान ले ली। वहीं, राज्य महिला आयोग ने भी इस मामले में स्वतः संज्ञान लेकर रिपोर्ट तलब की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *