Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

उत्तराखंड के बड़े शहरों और तीर्थ स्थलों पर जल्द मिलेगी नई पार्किंग सुविधाएं, 1082 वाहनों की होगी व्यवस्था

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आवास विभाग प्रदेश के बड़े शहरों, तीर्थ स्थलों और पर्यटन केंद्रों में यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए तेजी से पार्किंग सुविधाओं का विकास कर रहा है। इसी क्रम में राज्य के 11 प्रमुख स्थानों पर नई पार्किंग सुविधाएं शुरू होने जा रही हैं, जिनमें कुल 1082 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर विकास प्राधिकरणों के माध्यम से शहरों और पर्यटन क्षेत्रों में युद्धस्तर पर पार्किंग विकसित करने का कार्य शुरू किया गया। विभिन्न प्राधिकरणों से 195 स्थानों के लिए प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें सरफेस पार्किंग, मल्टी लेवल पार्किंग और टनल पार्किंग जैसी योजनाएं शामिल हैं।

114 डीपीआर को मिली मंजूरी

आवास विभाग अब तक 114 स्थानों की डीपीआर को मंजूरी दे चुका है और इनके लिए बजट भी जारी किया जा चुका है। पहले चरण में 54 स्थानों पर कुल 3244 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग सुविधा विकसित कर संचालन शुरू कर दिया गया है।

दूसरे चरण में 11 स्थानों पर लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। विभाग का लक्ष्य चालू वित्तीय वर्ष में इन परियोजनाओं को पूर्ण कर संचालन शुरू करना है। इसके अतिरिक्त विकास प्राधिकरण अपने संसाधनों से 11 अन्य स्थानों पर पार्किंग निर्माण कर रहे हैं, जहां 359 वाहनों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।

यात्रा सीजन से पहले पूरा करने के निर्देश

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने सभी विकास प्राधिकरणों को पार्किंग परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी यात्रा सीजन से पहले सभी चिन्हित स्थलों पर पार्किंग सुविधाएं शुरू कर दी जाएं। साथ ही शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण निजी वाहनों की संख्या बढ़ी है, जिससे जाम की समस्या स्वाभाविक है। बीते चार वर्षों में हजारों वाहनों के लिए पार्किंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यातायात जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *